महाशिवरात्रि पर्व पर प्रयागराज कुम्भ में 60 लाख से 1 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना
- महाशिवरात्रि पर्व पर मेला प्रशासन ने किये पुख्ता इंतजाम
- लगभग 60 लाख से 1 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना
कुम्भ/प्रयागराज/03 मार्च 2019/मकर संक्रान्ति से शुरु होकर विभिन्न पर्वों तथा प्रतिदिन स्नानार्थियों/श्रद्धालुओं के लगातार आवागमन के इस प्रयागराज कुम्भ-2019 का दिनांक 04 मार्च 2019 को महाशिवरात्रि के पर्व पर अन्तिम स्नान होगा। जिसमें लगभग 60 लाख से 1 करोड़ तक श्रद्धालुओं के स्नान करने की सम्भावना है। मेला एवं जिला प्रशासन द्वारा गत स्नान पर्वों पर की गयी सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार इस स्नान पर्व पर भी व्यवस्था की गयी हैं।

यह जानकारी आज राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मेलाधिकारी श्री विजय किरन आनन्द ने दी। उन्होंने सभी मीडिया के बन्धुओं को कुम्भ मेले में दिये गये सुझाव, फीडबैक और हर क्षेत्र में दिये गये सहयोग पर सभी अधिकारियों की ओर से हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मीडिया के बन्धुओं ने मेले को स्वस्थ, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में बहुत सहयोग दिया। सभी विभागों के अधिकारियों, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, वालन्टियर, स्वयं सेवी संगठन, बुद्धिजीवियों, नगरवासियों, पत्रकार बन्धुओं आदि के सहयोग से ही कुम्भ-2019 व्यवधानरहित सम्पन्न हुआ है। उन्होंने सभी के प्रति अपना आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के पर्व पर सभी व्यवस्थायें पूर्व के पर्वों की भांति कर ली गयी हैं।

डी.आई.जी./एस.एस.पी. कुम्भ श्री के.पी.सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि, रात्रि 01 बजकर 26 मिनट से लग रही है और स्नानार्थियों का स्नान शुरु हो जायेगा। आज 03 मार्च 2019 की रात 12 बजे से मेला क्षेत्र में वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यातायात प्रबन्धन के विषय में आदेश गत दिवस ही जारी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि मनकामेश्वर मन्दिर, सोमेश्वर मन्दिर, नागवासुकी सहित अन्य शिव मन्दिरों पर विशेष फोर्स लगायी गयी है। तैनात की गयी फोर्स के अतिरिक्त 450 आरक्षी अलग से लगाये गये हैं। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर झूंसी की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन सेक्टर-16, 17 में खड़े कर सकते हैं क्योंकि वह क्षेत्र अब अखाड़ों के जाने पर खाली हो गया है।
श्री के.पी.सिंह ने बताया कि खोया-पाया केन्द्र पर अब तक 29 हजार 337 लोगों के खोने का पंजीकरण हुआ था जिसमें सभी को घर पहुॅचा दिया गया है। 762 ऐसे लोग हैं जो घर तो पहुॅच गये हैं किन्तु उनके परिजनों से पूछकर जानकारी करने का वेरीफिकेशन नहीं हो पाया है, इसका वेरीफिकेशन किया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर स्नानार्थियों/श्रद्धालुओं की आज लगातार भीड़ बढ़ रही है।

आज 03 मार्च 2019 के प्रातः काल से ही लगातार स्नानार्थी आ रहे हैं। कुम्भ के प्रति लोगों की श्रद्धा और आस्था इतनी बनी हुयी है कि लगातार भारी संख्या में लोग स्नान करने आ रहे हैं। मेला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज कुम्भ क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर लगभग 65 लाख लोगों ने स्नान किया है। स्नानार्थी/श्रद्वालु प्रतिदिन आ रहे हैं और बड़े ही सहज ढ़ंग से स्नान, पूजा आदि कर कुम्भ में पुण्यलाभ अर्जित कर रहे हैं। भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए मेला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी श्री त्रिगुणायत व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Editorial Review Note
Religion World is the country's only website that provides complete information on all religions. Religion World will always present information about all religions impartially. You can send us all kinds of information, news, updates, opinions, and suggestions at religionworldin@gmail.com.You can also follow us on X (Twitter), Facebook, and YouTube.
Leave a Reply